Jasrasar times news
विवाद में महिला पर जानलेवा हमला, चार नामजद पर मामला दर्ज
जसरासर/बीकानेर। थाना जसरासर क्षेत्र के काकड़ा गांव में रास्ता विवाद को लेकर एक परिवार पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
![]() |
| Ai photo |
प्रार्थी शोभित पुत्र ओमप्रकाश विश्नोई (22), निवासी काकड़ा तहसील नोखा, जिला बीकानेर** ने बताया कि उनका खेत गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर सिनियाला की ओर स्थित है। खेत तक जाने वाले आम रास्ते को लेकर पड़ोसी हडमान विश्नोई से पहले विवाद हो चुका था, जिसे तहसीलदार नोखा द्वारा निस्तारित कर रास्ते को आम रास्ता घोषित किया गया था। पंचायत में समझौते के तहत एक लाख रुपये का भुगतान भी किया जा चुका था।
रिपोर्ट के अनुसार, 5 जनवरी 2026 को करीब 11 बजे प्रार्थी की बहन मनीषा और पिता ओमप्रकाश खेत से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कैलाश पुत्र हडमान, उसकी पत्नी निरमा, केशरी पत्नी हडमान और लालचंद पुत्र हडमान ने लाल रंग के मैसी ट्रैक्टर से रास्ता रोक लिया और गाली-गलौच के बाद हमला कर दिया। आरोप है कि कैलाश के हाथ में चाकू, निरमा के हाथ में कस्सी, केशरी के हाथ में जेई और लालचंद के हाथ में लाठी थी।
हमले में मनीषा के सिर और चेहरे पर वार किए गए, जिससे सिर फट गया और खून बहने लगा। आरोपियों ने लज्जा भंग का प्रयास करते हुए कपड़े फाड़े और गले से सोने की चेन तोड़ ली। बीच-बचाव में पहुंचे पिता और भाई विकास पर भी लाठियों से हमला किया गया। इसके बाद आरोपियों ने ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास भी किया, लेकिन समय रहते पीड़ित पक्ष ने जान बचाई।
घायल मनीषा को प्राथमिक उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जसरासर ले जाया गया, जहां सिर में नौ टांके लगाए गए। हालत गंभीर होने पर उसे बीकानेर ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद भी आरोपी खुलेआम धमकियां दे रहे हैं कि पूरे परिवार को जान से मार देंगे और किसी को भी इस रास्ते से नहीं जाने देंगे। प्रार्थी ने थानाधिकारी पुलिस थाना जसरासर से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है, मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धाराएं जोड़ी जा रही हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।


